खेल डेस्क. स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की गोल की मदद से युवेंटस ने सीरी-ए में रोमा को 2-1 से हरा दिया। रविवार को खेले गए इस मैच को जीतकर युवेंटस अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया। उसके 19 मैच में 48 अंक हो गए। वह दूसरे स्थान पर काबिज इंटर मिलान से दो अंक आगे है। रोनाल्डो ने सीरी-ए में लगातार छठे मैच में गोल किया। इस हार के बाद रोमा की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसके 35 अंक हैं।
दूसरी ओर, इंग्लिश प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर सिटी ने एस्टन विला को 6-1 के बड़े अंतर से हराया। उसके लिए सर्जियो अगुएरो ने हैट्रिक गोल किया। वे प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा 177 गोल करने वाले गैर-ब्रिटिश खिलाड़ी बन गए। अर्जेंटीना के अगुएरो ने फ्रांस के थिएरी हेनरी (175) को पीछे छोड़ा। वे प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा 12 हैट्रिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बने। उन्होंने इग्लैंड के एलेन शिएरेर को पीछे छोड़ा।
अगुएरो प्रीमियर लीग के ऑलटाइम चौथे टॉप स्कोरर
खिलाड़ी | गोल |
एलेन शिएरेर | 260 |
वेन रूनी | 208 |
एंड्रयू कोले | 187 |
सर्जियो अगुएरो | 177 |
फ्रैंक लेंपार्ड | 177 |
रोनाल्डो ने पेनल्टी पर गोल किया
युवेंटस के लिए मैच में मारिह डेमिराल ने तीसरे मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद रोनाल्डो ने 10वें मिनट में पेनल्टी पर दूसरा गोल किया। हाफटाइम तक टीम 2-0 से आगे रही। इसके बाद रोमा ने दूसरे हाफ में वापसी की कोशिश की। उसके लिए 68वें मिनट में डिएगो पेरोटी ने पेनल्टी पर गोल किया, लेकिन टीम दूसरा गोल नहीं कर सकी। उसे हार का सामना करना पड़ा।
मैनचेस्टर सिटी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा
मैनचेस्टर सिटी की टीम एस्टन विला के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उसके 22 मैच में 47 अंक हो गए। सिटी पहले स्थान पर काबिज लिवरपूल से 14 अंक पीछे है। उसने लीसेस्टर सिटी को पीछे छोड़ा। लीसेस्टर के 22 मैच में 45 अंक हैं। सिटी के लिए इस मुकाबले में पहला गोल रियाल माहरेज ने किया। उन्होंने पहले 18 मिनट में गोल किया। इसके बाद 24वें मिनट में दूसरा गोल दाग दिया। अगुएरो ने 28वें, 57वें और 81वें मिनट में गोल किया। वहीं, गेब्रियल जेसुस ने 45+1वें मिनट में गोल दागा। एस्टन के लिए एकमात्र गोल अनवर अल-गाजी ने 90+1वें मिनट में दागा।